उदयपुर – सविना थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को आपत्तिजनक फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने, दुष्कर्म करने तथा सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो वायरल करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त कार्रवाई की नीति के तहत थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
घर आने-जाने के दौरान बनाए आपत्तिजनक फोटो-वीडियो
थानाधिकारी ने बताया कि 13 नवंबर को पीड़िता की मां ने थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट के अनुसार आरोपी का उनके घर आना-जाना था। इसी दौरान उसने नाबालिग बालिका के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो चोरी-छिपे बना लिए। इसके बाद आरोपी ने फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बालिका के साथ दुष्कर्म किया और उस पर अपने साथ भागने का दबाव बनाया। बालिका के इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
200 किलोमीटर तक पीछा कर पकड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद करीब 200 किलोमीटर तक पीछा कर उसे डिटेन किया और गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। मामले में आरोपी का मोबाइल फोन जब्त करने तथा वायरल किए गए फोटो-वीडियो के संबंध में गहन अनुसंधान किया जा रहा है।
यह आरोपी हुआ गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघु कुमार उर्फ कृष्णा पुत्र मांगीलाल, निवासी बोडा मगरा, इडाणा, थाना गींगला, जिला सलूंबर के रूप में हुई है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई रविन्द्र पाटीदार, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह और छगनलाल शामिल रहे।





