उदयपुर – पंचायतीराज चुनाव को लेकर कुराबड़ पंचायत समिति क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को विभिन्न वार्डों से भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रधान पद अनुसूचित जनजाति (एसटी ओपन) के लिए आरक्षित होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। सोमवार को विभिन्न वार्डों से कुल 21 नामांकन दाखिल किए गए। मंगलवार को भी नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी।
वार्डवार प्रत्याशियों ने भरे नामांकन
सोमवार को दाखिल नामांकन के अनुसार वार्ड संख्या 1 से भाजपा की मोती बाई भील, वार्ड 2 से लोकेश और वार्ड 3 से भाजपा के राजमल मेघवाल ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 3 से कांग्रेस के भगवती लाल और जितेश खटीक ने भी पर्चा भरा। वार्ड 4 से भाजपा के लेहरी लाल, वार्ड 5 से कांग्रेस की रेखा कुंवर और वार्ड 6 से कांग्रेस के शक्ति सिंह कृष्णावत ने नामांकन दाखिल किया।
वार्ड 7 से कांग्रेस के बाबलू मीणा और रमेश लाल मीणा तथा भाजपा के भरत कुमार मीणा ने नामांकन भरा। वार्ड 8 से कांग्रेस के दिनेश कुमार चौधरी, भाजपा के पुष्कर दास वैष्णव और निर्दलीय लक्ष्मी लाल पटेल मैदान में उतरे हैं।
वार्ड 10 से भाजपा की चन्दा औदिच्य और कांग्रेस की कुन्दन कुंवर, वार्ड 11 से कांग्रेस के मनरूप तथा वार्ड 12 से कांग्रेस के भेरूलाल डांगी और राम लाल पटेल ने नामांकन दाखिल किया। वार्ड 13 से भाजपा की हेतल कुंवर और वार्ड 15 से कांग्रेस की लवीना जारोली ने भी पर्चा भरा। उपलब्ध सूची के अनुसार सोमवार तक वार्ड 9 और 14 में कोई नामांकन दर्ज नहीं हुआ था।
भाजपा के सामने बोर्ड बरकरार रखने की चुनौती
कुराबड़ पंचायत समिति के पिछले दो चुनावों में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद पार्टी इस बार भी अपनी स्थिति बनाए रखने के लिए सक्रिय है। देहात भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी, मंडल अध्यक्ष भरत मीणा, मदन सिंह कृष्णावत, जोगेन्द्र पटेल और कृष्णा मीणा सहित पार्टी के अन्य कार्यकर्ता चुनावी तैयारियों में जुटे हैं।
वहीं कांग्रेस के लिए पंचायत समिति में अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत करने का अवसर है। पूर्व विधायक प्रीति गजेंद्र सिंह शक्तावत और देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा के नेतृत्व में ब्लॉक अध्यक्ष खेमराज मीणा, नवल सिंह चुंडावत, विक्रम सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता चुनावी गतिविधियों में सक्रिय हैं।





