उदयपुर (माण्डवा) – मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माण्डवा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भियाटा गांव के जंगलों में स्थित एक खेत से गांजे के 56 किलोग्राम वजनी हरे पौधे जब्त किए हैं। खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही थी। 
पुलिस महानिरीक्षक रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष त्रिनेत्र अभियान चलाया जा रहा है। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में भोमट और आसपास के क्षेत्रों में अवैध मादक पदार्थों की खेती, भंडारण और तस्करी को जड़ से समाप्त करने के उद्देश्य से गांजा मुक्त भोमट अभियान संचालित किया जा रहा है।
जंगलों में दबिश देकर उखाड़े गांजे के पौधे
अभियान के तहत माण्डवा थानाधिकारी मुगलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के दुर्गम पहाड़ी इलाके में स्थित भियाटा गांव के जंगलों में दबिश दी। यहां आरोपी उदा पुत्र भिखा बुम्बडिया निवासी भियाटा के खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती होना पाया गया। पुलिस टीम ने खेत में उगाए गए गांजे के हरे पौधों को उखाड़कर जब्त किया। जब्त फसल का कुल वजन 56 किलोग्राम बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने मामले में माण्डवा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण संख्या 108/2026 दर्ज किया है। मामले में आगे का अनुसंधान और आरोपी की तलाश जारी है।
कार्रवाई में एएसआई सोहनलाल, मंगेजाराम, कांस्टेबल लीलाराम, नारायण, सुरेन्द्र, तख्तसिंह, दिनेश, निलेश, माधु सिंह और सोहन शामिल रहे।




