उदयपुर – दक्षिणी राजस्थान में वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में कार्यरत संस्था श्रम सारथी को सा-धन की ओर से Emerging Institutions in Low-Income Housing Finance श्रेणी में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान कम आय वाले परिवारों को आवास संबंधी वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने और उन्हें औपचारिक वित्तीय सेवाओं से जोड़ने की दिशा में संस्था के प्रयासों की पहचान है।
किशन गुर्जर ने बताया कि श्रम सारथी पिछले 19 वर्षों से दक्षिणी राजस्थान में वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में सक्रिय है और संस्था कम आय वाले परिवारों को घर के निर्माण और आवास संबंधी जरूरतों को पूरा करने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करती है। इसके साथ ही परिवारों को बचत, बीमा और अन्य औपचारिक वित्तीय सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी सहयोग किया जाता है।
उन्होने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों की वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाने और उन्हें औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने में मदद करना भी है। इसके माध्यम से परिवारों को अपनी आवास संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ आर्थिक सुरक्षा की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
उन्होने बताया कि सा-धन भारत में सूक्ष्म वित्त एवं प्रभाव वित्तपोषण संस्थानों का प्रमुख संघ है और यह भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा मान्यता प्राप्त स्व-नियामक संगठन भी है।





