सामाजिक संगठनों ने कहा- विकास का विरोध नहीं, लेकिन बाबा साहेब के सम्मान से समझौता मंजूर नहीं; रोड का नाम अंबेडकर के नाम पर रखने की मांग
उदयपुर – शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के कार्य के दौरान कोर्ट चौराहा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठी है। इस संबंध में संवैधानिक अधिकार जनजागृति संस्थान, भारत की जनवादी नौजवान सभा (DYFI), भीम आर्मी भारत एकता मिशन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर, संभागीय आयुक्त और नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में एलिवेटेड रोड के अलाइनमेंट और डिजाइन का तकनीकी पुनरीक्षण कराने के साथ ही निर्माणाधीन रोड का नाम ‘बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर एलिवेटेड रोड’ रखने की मांग की गई।
संगठनों ने बताया कि कोर्ट चौराहा स्थित डॉ. अंबेडकर सर्कल पर स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। तत्कालीन नगर परिषद की ओर से पार्क का नामकरण भी बाबा साहेब के नाम पर किया गया था। ऐसे में एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान प्रतिमा और पार्क की सुरक्षा को लेकर विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है।
भारी मशीनरी और खुदाई से नुकसान की आशंका
ज्ञापन में कहा गया कि निर्माण कार्य के दौरान भारी मशीनरी के उपयोग, खुदाई, पिलर निर्माण और ट्रैफिक डायवर्जन के कारण प्रतिमा एवं पार्क को नुकसान पहुंचने की आशंका है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि वे शहर के विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन विकास के नाम पर बाबा साहेब की प्रतिमा और सम्मान से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
ये रखीं प्रमुख मांगें
सामाजिक संगठनों ने प्रतिमा के चारों ओर मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा बनाने, एलिवेटेड रोड के डिजाइन, पिलर और अलाइनमेंट का तकनीकी पुनरीक्षण कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर डिजाइन में संशोधन करने की मांग की।
इसके अलावा प्रशासन, नगर निगम, निर्माण एजेंसी, तकनीकी अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की संयुक्त निरीक्षण समिति गठित करने का आग्रह किया गया। निर्माण एजेंसी को प्रतिमा या स्मारक को किसी भी प्रकार की क्षति होने पर जवाबदेह बनाने और नियमित निगरानी के लिए जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त करने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि तकनीकी कारणों से प्रतिमा को अस्थायी रूप से स्थानांतरित करना अपरिहार्य हो, तो सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों को विश्वास में लेकर ही निर्णय किया जाए। प्रतिमा को पूरे सम्मान और सुरक्षा के साथ स्थानांतरित कर निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसी स्थान पर पुनर्स्थापित किया जाए।
पार्क के संरक्षण और सौंदर्यकरण की भी मांग
संगठनों ने एलिवेटेड रोड का नाम बाबा साहेब के नाम पर रखने के साथ ही पार्क के संरक्षण और सौंदर्यकरण की मांग की। जिला प्रशासन से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्रवाई कर सुरक्षा संबंधी स्पष्ट निर्देश जारी करने का आग्रह किया गया।
जिला संयोजक अनिल पणोंर ज्ञापन के दौरान संस्थापक एवं अध्यक्ष गणेश लाल रायकवाल, एडवोकेट राजेश सिंघवी, पार्षद राजेंद्र वसीटा, एडवोकेट पीआर सालवी, रोशन मेघवाल, अनिल पणोंर, एडवोकेट मदन मेघवाल, मोहन लाल सालवी, ईश्वर पहाड़िया, मीठा लाल मेघवाल, शांति लाल मेघवाल, देवीलाल, नरेंद्र मेघवाल सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





