
ओगणा – ब्लॉक के में गुरुवार को राजस्थान श्रम सारथी एवं अरावली निर्माण मजदूर संगठन के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता क्लिनिक आयोजित किया गया। इसमें ओगणा और आसपास के गांवों से 150 से अधिक ग्रामीण एवं श्रमिक पहुंचे।
क्लिनिक में ग्रामीणों को सुरक्षित बैंकिंग, बचत, बीमा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के महत्व के बारे में बताया गया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों का बीमा कराया गया। जन आधार में आवश्यक संशोधन, राशन कार्ड और अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़े कार्यों में भी सहायता दी गई।
श्रम सारथी एसोसिएशन की कार्यकर्ता शोभा जाट ने बताया कि साइबर ठगी और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया गया। ग्रामीणों को संदिग्ध कॉल एवं मैसेज से सावधान रहने तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने की जानकारी दी गई। धोखाधड़ी होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी बताई गई और जरूरतमंद लोगों के मामलों का पंजीकरण किया गया। इस दौरान ब्रांच मैनेजर किशन गुर्जर, आधार ऑपरेटर करीना, खुमाणी लाल, वालूराम गमेती, भावेश मेघवाल, प्रभुलाल, हिना आमेटा सहित ग्रामीण मौजूद रहे।




