Breaking News

Home » प्रदेश » कैरियर जागरूकता कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स को अग्निवीरवायु एवं अधिकारी पदों पर भर्ती से कराया अवगत

कैरियर जागरूकता कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स को अग्निवीरवायु एवं अधिकारी पदों पर भर्ती से कराया अवगत

उदयपुर – 5 वायुसेना चयन केंद्र, जोधपुर की कमान अधिकारी विंग कमांडर नैनसी माहेश्वरी के दिशा-निर्देशों के अंतर्गत कैरियर जागरूकता एवं भारतीय वायुसेना की भर्ती प्रक्रिया से संबंधित जानकारी देने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उदयपुर जिले के पैसिफिक विश्वविद्यालय में आयोजित 6 राज एयर एनसीसी यूनिट के वार्षिक प्रशिक्षण कैंप के दौरान किया गया।

कार्यक्रम में वायुसेना चयन केंद्र से आये विशेषज्ञ जूनियर वारंट अफसर ए एम मुथू एवं अंकित ने एनसीसी कैडेट्स को भारतीय वायुसेना की भर्ती प्रक्रिया की चरणबद्ध जानकारी दी। इस दौरान शैक्षणिक योग्यता मानदंड, परीक्षा पैटर्न एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी साझा की गई तथा विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त करने के लिए कठोर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में भारतीय वायुसेना में अग्निवीर एवं अधिकारी पदों पर भर्ती की विस्तृत जानकारी भी दी गई। पदाधिकारियों ने बताया कि भारतीय वायुसेना अग्निवीर पदों पर भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 21 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 50 प्रतिशत अंकों के साथ बारहवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिनके अंग्रेजी विषय में भी न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक हों, भर्ती पोर्टल https://iafrecruitment.edcil.co.in/ पर आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। साथ ही बताया गया कि एनसीसी ए, बी एवं सी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने पर कैडेट्स को वायुसेना भर्ती प्रक्रिया में अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाते हैं। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यार्थियों में भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के प्रति उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली। विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के पालन, विद्यार्थी जीवन के दायित्वों तथा माता-पिता, शिक्षकों एवं देश-समाज के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आयोजित प्रश्नोत्तरी के दौरान सही उत्तर देने कैडेट्स को पुरुस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में 6 राज एयर एनसीसी के कमान अधिकारी विंग कमांडर नटराज डागुर एवं एन सी सी यूनिट स्टाफ सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वायु सेना चयन केंद्र जोधपुर से आये जूनियर वारंट अफसर ए एम मुथू ने किया। 6 राज एयर एनसीसी के कमान अधिकारी विंग कमांडर नटराज डागुर ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए वायुसेना चयन केंद्र जोधपुर की टीम का आभार व्यक्त किया।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Leave a Comment

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!