उदयपुर – जिले के ग्राम पंचायत मेनार भवन के सामने आयोजित राम रसोड़े का दो दिवसीय कार्यक्रम विशाल भजन संध्या, धर्मसभा और शोभायात्रा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और बाबा रामदेव जी के भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते नजर आए।
गुरुवार देर शाम एक शाम बाबा रामदेव जी के नाम विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। स्थानीय बाबा भक्तों ने भजन संध्या में उत्साह के साथ भाग लिया। देर रात तक चले भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमते रहे।
शुक्रवार सुबह हवन-आहुति के बाद महाआरती एवं विशाल धर्मसभा आयोजित की गई। इस दौरान अमरपुरा गांव से मेघवाल समाज के बाबा रामदेव जी के भक्त तुलसी जी एवं ठाकुर जी की विशाल शोभायात्रा के साथ मेनार कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

धर्मसभा के मुख्य अतिथि जरगा जी जूना स्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष किशनलाल मेघवाल रहे, जबकि अध्यक्षता विजयलाल एकलिंगदासोत ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कन्हैयालाल रुंडेडा, दूदाराम भंवरासिया, पूर्व उपसरपंच लोगरलाल मेघवाल कुंथवास, शंकरलाल कानडखेड़ा, पूर्व तहसीलदार नंदलाल मेघवाल, कालूलाल अमरपुरा एवं डालूलाल अमरपुरा मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरणा पहनाकर स्वागत किया गया।
धर्मसभा में वक्ताओं ने बालिका शिक्षा और अध्यात्म’’ के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ भामाशाहों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। वरिष्ठ भामाशाह किशनलाल मेघवाल ने 1 लाख 21 हजार रुपए, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक ओंकारलाल मेघवाल मेनार ने 1 लाख रुपए तथा देवीलाल मेघवाल गुलाबनगर ने 51 हजार रुपए की सहयोग राशि की घोषणा की। अन्य भामाशाहों ने भी सहयोग की घोषणा की, जिनका आयोजकों की ओर से स्वागत-अभिनंदन किया गया।
बाबा रामदेव जी की महाआरती के बाद महाप्रसाद का भोग लगाया गया। इसके बाद आयोजित विशाल शोभायात्रा में श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते हुए नजर आए। कार्यक्रम के अंत में आयोजन से जुड़े कार्यकर्ताओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय मेघवाल मेनार ने किया।




