
सायरा (Udaipur) – बुधवार को थाना क्षेत्र के पानेर गांव स्थित भील बस्ती में हथियारबंद लोगों ने रात में जमकर तांडव मचाया। मिली जानकारी के अनुसार बदमाशों ने सबसे पहले मकानों पर पत्थरबाजी कर ग्रामीणों को डराया, इसके बाद एक-एक कर 8 से अधिक घरों में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने हथियारों के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और नगदी भी ले उड़े।
बता दें बदमाशों ने जवेरा राम, दिनेश, मिठाराम, तुलसीराम और पीथाराम सहित 8 से अधिक लोगों के घरों में इस लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के अनुसार बदमाश संगठित रूप से आए और पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच टमु बाई सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सुबह होते ही सरपंच की सूचना पर सायरा थाना से एएसआई शंभू सिंह जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर अज्ञात बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





