उदयपुर – जिला परिषद में जिला प्रमुख पद पर जीत के बाद भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद पर भी कब्जा जमा लिया। गुरुवार को हुए उप जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी दलीचंद डांगी ने कांग्रेस के उदयलाल डामोर को पांच वोटों से हराया। निर्वाचन अधिकारी ने दलीचंद डांगी को उप जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया।
गुरुवार सुबह जिला परिषद सभागार में उप जिला प्रमुख पद के लिए मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान में भाजपा प्रत्याशी दलीचंद डांगी को 26 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी उदयलाल डामोर को 21 वोट प्राप्त हुए। इस तरह भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद पर जीत दर्ज की है।
भाजपा ने उप जिला प्रमुख पद के लिए मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी को प्रत्याशी बनाया था। वहीं, कांग्रेस की ओर से उदयलाल डामोर ने नामांकन दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों ने जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल के समक्ष अपने नामांकन पत्र पेश किए थे।
जिला प्रमुख चुनाव में भी भाजपा ने मारी बाजी
इससे पहले बुधवार को जिला प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के हिम्मतसिंह झाला ने जीत दर्ज की थी। भाजपा के पास जिला परिषद की 24 सीटें होने के बावजूद हिम्मतसिंह झाला को 47 में से 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी लालसिंह झाला को 20 वोट प्राप्त हुए। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस खेमे में क्रॉस वोटिंग की स्थिति सामने आई थी।
उदयपुर जिला परिषद की कुल 47 सीटों में भाजपा ने 24, कांग्रेस ने 22 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने एक सीट पर जीत दर्ज की थी। इसके बावजूद भाजपा ने जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर जीत हासिल कर अपना दबदबा कायम रखा।
27 को प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव
निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समितियों में प्रधान पद के लिए चुनाव होंगे। वहीं, 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।





