Home » प्रदेश » शराब ठेके के सेल्समैन से 2 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, सीआई सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

शराब ठेके के सेल्समैन से 2 लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, सीआई सहित 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

उदयपुर – ऋषभदेव थाना क्षेत्र में शराब ठेके के दो सेल्समैन को अवैध रूप से हिरासत में लेकर मारपीट करने और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में सीआई हेमंत अहारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने सीआई के नाम पर रिश्वत मांगी थी। शिकायत के बाद एसीबी की जांच में मामला सामने आया।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कार्रवाई करते हुए मामले की जांच ऋषभदेव डीएसपी अर्जुन सिंह को सौंपी है। निलंबित पुलिसकर्मियों में सीआई हेमंत अहारी, एसआई रमेशचंद्र, रणजीत हड़ात और कांस्टेबल कैलाश मीणा शामिल हैं।

शराब तस्करी का आरोप लगाकर थाने लाए, छोड़ने के लिए मांगे 2 लाख

जालोर के रानीवाड़ा निवासी देवीसिंह ने 22 नवंबर को एसीबी स्पेशल यूनिट में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके परिचित आशीष सेन और लोकेश पटेल 21 नवंबर को हर्षावाड़ा स्थित शराब की दुकान पर जा रहे थे। दोनों दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करते हैं।

आरोप है कि रास्ते में एएसआई रणजीत और कांस्टेबल कैलाश ने दोनों को अवैध शराब तस्करी का आरोप लगाकर हिरासत में लिया और थाने ले आए। इसके बाद मुकदमा दर्ज नहीं करने और छोड़ने के बदले 2 लाख रुपए की मांग की गई। पुलिसकर्मियों ने कथित तौर पर फोन देकर परिजनों से पैसे मंगवाने को कहा।

लोकेश ने घटना की जानकारी अपने जीजा महेंद्र को दी। आरोप है कि जल्द पैसे मंगवाने के लिए सीआई, एएसआई और कांस्टेबल ने दोनों युवकों के साथ थाने में मारपीट की। बाद में थाने पहुंचे देवीसिंह को पीड़ितों ने पूरी घटना बताई।

80 हजार रुपए में तय हुआ सौदा, एसीबी के सत्यापन में खुलासा

शिकायत के बाद एसीबी के निर्देश पर देवीसिंह 22 नवंबर की रात 80 हजार रुपए लेकर थाने पहुंचे। हालांकि, कम रकम देखकर पुलिसकर्मियों के नाराज होने की बात सामने आई।

एसीबी के सत्यापन के दौरान पुलिसकर्मियों ने पीड़ित के पास मौजूद मिनी वॉइस रिकॉर्डर पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद पीड़ित के साथ मारपीट की गई और सबूत मिटाने के लिए रिकॉर्डर व मेमोरी कार्ड छिपा दिए गए।

रिकॉर्डर हटाए जाने की जानकारी मिलने पर एसीबी की टीम थाने पहुंची। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले दोनों एएसआई और कांस्टेबल के फरार होने की जानकारी सामने आई।

एसीबी के एएसपी राजीव जोशी ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट जयपुर मुख्यालय भेज दी गई है। आगे की कार्रवाई मुख्यालय के निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!