कुराबड़ – उपखंड की परमदा ग्राम पंचायत के अंतर्गत तरीबा गांव में विजयादशमी के पावन अवसर पर श्री कन्ना माताजी की पारंपरिक सरवर यात्रा धूमधाम से निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
पुरण सिंह रावत तरीबा ने बताया कि विजयादशमी के दिन सुबह से ही माता जी के मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दोपहर तक हजारों की संख्या में भक्तों ने माता के दरबार में पहुंचकर दर्शन किए और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में सुबह 9 बजे हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां देकर क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। हवन-यज्ञ के पश्चात भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में परमदा ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।




