सायरा – थाना पुलिस ने गुरुवार को अवैध रूप से गांजा परिवहन करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से 3 किलो 40 ग्राम गांजा और बिना नंबर की स्कूटी जब्त की है। थानाधिकारी शैतान सिंह नाथावत ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम सामल गांव के समीप पहुंची। यहां गोगुंदा की ओर से आ रही बिना नंबर की स्कूटी को रुकने का इशारा किया गया। स्कूटी चालक महिला पुलिस को देखकर घबरा गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे रुकवाकर पूछताछ की।

उन्होने बताया कि महिला की पहचान पाली जिले के सादड़ी थाना क्षेत्र स्थित बारली के मेनवाड़ा रोड निवासी के रूप में हुई। स्कूटी की तलाशी लेने पर उस पर रखे कबूतरी रंग के थैले में दो अलग-अलग थैलियों में गांजा मिला। तौल करने पर गांजे का वजन 3 किलो 40 ग्राम पाया गया। उन्होने बताया कि गांजा और स्कूटी जब्त कर महिला को गिरफ्तार कर लिया। थानाधिकारी ने बताया कि महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच नाई थानाधिकारी कर्मवीर सिंह को सौंपी गई है।
कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, रूपाराम, कमला, गुमान सिंह और जितेंद्र शामिल थे।




