Home » प्रदेश » प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण हो निस्तारण ताकि आमजन का बढ़े विश्वास – मुख्य सचिव

प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण हो निस्तारण ताकि आमजन का बढ़े विश्वास – मुख्य सचिव

उदयपुर/ आमजन की समस्या के त्वरित निस्तारण के लिए प्रारंभ की गई त्रिस्तरीय जनसुनवाई व्यवस्था के तहत माह के तीसरे गुरूवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं जिला सतर्कता समिति की बैठक जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कांफ्रेन्स हॉल में आयोजित हुई। इसमें जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं को तसल्ली से सुना तथा उचित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जनसुनवाई के दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य सचिव सुधांश पंत भी जुड़े। उन्होंने सभी अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए बताया कि जल संचय के इस अभियान में राजस्थान पूरे देश में द्वितीय स्थान पर है। उन्होंने आगामी वर्षा ऋतु के मद्देनजर जल संचय और हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण की तैयारियों पर भी चर्चा की। साथ ही उन्होंने संभावित अतिवृष्टि के चलते आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीएस पंत ने कहा कि जनसुनवाई एवं संपर्क पोर्टल पर प्राप्त होने वाली आमजन की परिवेदनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हमारी प्राथमिकता होना चाहिए। उन्होंने कोई भी प्रकरण 6 माह से अधिक पेंडिंग नहीं रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिवेदनाओं का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए परिवादी की संतुष्टि सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

सतर्कता के 6 प्रकरणों का निस्तारण, जनसुनवाई में आए 165 परिवाद

जिला स्तरीय जनसुनवाई में बिजली, अतिक्रमण, पेयजल, सड़क निर्माण, पेंशन, सहित विभिन्न विभागों के कुल 165 प्रकरण प्राप्त हुए जिनमें 5 प्रकरणों का हाथोंहाथ निस्तारण किया गया तथा शेष प्रकरणों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। साथ ही दो प्रकरणों को सतर्कता में दर्ज किया गया। इससे पूर्व आयोजित सतर्कता समिति की बैठक में कुल 13 प्रकरणों पर विचार-विमर्श किया गया। इसमें से 6 का निस्तारण किया गया। इस दौरान जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, यूडीए सचिव हेमेंद्र नागर, प्रशिक्षु आईएएस सृष्टि डबास सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं परिवादी मौजूद रहे।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!