Home » प्रदेश » जल संचय और पर्यावरण संरक्षण को बनाएं जीवन शैली का हिस्सा – प्रेमचंद बैरवा

जल संचय और पर्यावरण संरक्षण को बनाएं जीवन शैली का हिस्सा – प्रेमचंद बैरवा

उदयपुर/ उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने शनिवार को जिला परिषद सभागार, उदयपुर में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अभियान के तहत अब तक हुए कार्यों की प्रगति जानी और संबंधित विभागों से विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी व जिला कलक्टर नमित मेहता भी उपस्थित रहे।

बैरवा के उदयपुर आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से उनका स्वागत किया गया। बैठक में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिया डाबी ने अभियान में अब तक हुए कार्यों की पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियान में उदयपुर जिला प्रदेश में दूसरे स्थान पर है। जिले में अब तक 5000 से अधिक इंवेट आयोजित हो चुके हैं जिनमें तकरीबन 7 लाख लोगों की सहभागिता रही।

उप-मुख्यमंत्री बैरवा ने अभियान में जिले की उपलब्धियों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही आगामी दिनों में और अधिक बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक विशेष सोच के साथ अभियान की शुरूआत की है। वंदे गंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि इसे जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा। जल संचय और पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन में आदत के रूप में विकसित करना होगा, तभी इस अभियान की सार्थकता सिद्ध होगी। उप मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने के लिए अधिकतम जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाया जा सके।

विभाग वार ली जानकारी, दिए निर्देश

बैठक में उप मुख्यमंत्री ने वन विभाग, पीएचईडी, पंचायतीराज, नगर निकाय, शिक्षा, जल संसाधन, विद्युत निगम आदि विभागों के अधिकारियों से अभियान के तहत हुए किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जल स्त्रोतों के संरक्षण, आमजन को जागरूक करने संबंधी गतिविधियों, हरयाळो राजस्थान अभियान के तहत पौधरोपण लक्ष्य और उसकी तैयारियों आदि की भी समीक्षा की।उन्होंने आगामी मानसून सत्र के दौरान आपदा प्रबंधन को लेकर सभी विभागों को सतर्क रहकर समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

उपेक्षित बावड़ियों-कुओं को सूचीबद्ध कर कराएं जीर्णोद्धार

बैरवा ने नगर निकाय और पंचायतीराज के अधिकारियों को शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित ऐसी बावड़ियों और कुओं को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए, जो उपेक्षित हैं। साथ ही कार्ययोजना बनाकर उन पारंपरिक जलस्त्रोतों का जीर्णोद्धार कराकर पुनजीर्वित करने के निर्देश दिए।

उप-मुख्यमंत्री ने दिलाया संकल्प

बैठक के अंत में उपमुख्यमंत्री बैरवा ने सभी अधिकारियों को वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान के तहत जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम सिटी वार सिंह, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, प्रशिक्षु आइएएस सृष्टि डबास, अधीक्षण अभियंता जलग्रहण अतुल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!