गोगुंदा (Udaipur)- गुरुवार को थाना पुलिस ने रात्रि में कुओं से पानी की मोटरे चुराने वाले तीन शातिर आरोपियों को गिरफ़्तार कर चोरी का सामान मोटर, केबल, रस्सा व जीप को बरामद किया। पुलिस की गिरफ्त में आरोपी बेकरियां थाने के पिपला निवासी महेश उर्फ मशरू पुत्र भुरा, दिनेश पुत्र ताराचन्द्र सहित प्रभु राम पुत्र हीराराम चोरी करने के बाद अपने घरों से करीब एक महीने से फरार थे। पुलिस ने तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को थाना क्षेत्र के मोकेला (जसवंत गढ़) के समीप घने जंगल से गिरफ्तार किया है। चोरी की वारदात में शामिल वाहन मालिक चाम्बुआ (बेकरियां) निवासी चम्पा उर्फ चम्पा राम पुत्र हाकला को पूर्व में गिरफ्तार किया गया था।
थाना प्रभारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि एक महीने पूर्व गोगुंदा निवासी मोहनलाल पुत्र तुलसीराम तेली ने रिपोर्ट पेश की जिसमें बताया था कि कुएं से रात को किसी अज्ञात चोरों ने पृथ्वी कम्पनी विधुत मोटर, 350 फीट केबल व 350 फीट रस्सी चोरी कर ले गये थे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक टीम बनाकर कारवाई शुरू की थी जिसमें हेड कांस्टेबल विनेश कुमार, नारायण सिंह, भुपेंद्र सिंह , दिपेंद्र ,प्रताप सिंह सहित चालक अजीत चौधरी शामिल थें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





