Home » प्रदेश » आबकारी निरोधक दल की बडी कार्यवाही, अनुमानित 15 लाख की अवैध शराब बरामद 3 गिरफ्तार

आबकारी निरोधक दल की बडी कार्यवाही, अनुमानित 15 लाख की अवैध शराब बरामद 3 गिरफ्तार 

उदयपुर (Udaipur)- आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर अंकुश लगाने हेतु जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग द्वारा बीते दिनों उदयपुर की प्रतिष्ठित होटल मेरियट में अन्य राज्य की प्रतिबंधित शराब पर सस्ती शराब के होलोग्राम व लेबल की शराब बरामदगी के प्रकरण की कड़ी में अवैध शराब की सप्लाई के नेटवर्क पर कार्यवाही जारी है। आबकारी निरोधक दल ने उदयपुर के यूनिवर्सिटी रोड़ एवं कोड़ियात क्षेत्र में बडी कार्यवाही करते हुए क्रमशः 276 एवं 79 सहित कुल 355 बोतल नकली होलोग्राम व लेबल की विदेशी मदिरा की बरामदगी सहित 3 अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। बरामद विदेशी मदिरा की अनुमानित 15 लाख रूपए की है। इस प्रकरण में अवैध शराब के नेटवर्क में शामिल मास्टरमाइंड दीपक सुहालका को नामजद करते हुए धरपकड़ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है।

आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते द्वारा प्रदेश में अवैध शराब के नेटवर्क पर सख्त कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए गए है जिसके तहत इस नेटवर्क द्वारा प्रतिष्ठित होटल्स एवं अन्य स्थानों पर नकली होलोग्राम व लेबल की अवैध शराब सप्लाई की गहनता से जांच की जा रही है।

अवैध शराब का नेटवर्क- मास्टरमांड नामजद, धरपकड़ जारी

अतिरिक्त आबकारी आयुक्त प्रदीप सिंह सांगावत ने बताया कि विश्वस्त सूचना के आधार पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन उदयपुर ओपी जैन, उपायुक्त आबकारी निरोधक दल प्रद्युम्न सिंह चुण्डावत के सुपरविजन में आबकारी निरोधक दल द्वारा उदयपुर शहर के युनिवर्सिटी रोड़ पर स्थित एक मकान की शनिवार मध्य रात्रि तलाशी ली गई। इस मकान से 3 पेटी और यहां एक वाहन से 20 पेटी विदेशी मदिरा सहित कुल 276 बोतल महंगी विदेशी ब्रांड की मदिरा बरामद की गई। इन सभी बोतलों पर नकली होलोग्राम व लेबल लगे थे। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए 2 व्यक्तियों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।

सांगावत ने बताया कि प्रतिबंधित अवैध मदिरा को वैध करने के लिए नकली होलोग्राम स्टिकर व लेबल लगाकर होटल्स व अन्य स्थानों पर सप्लाई करने वाले नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अन्य व्यक्तियों की धरपकड़ की जा रही है वहीं इस नेटवर्क के मास्टरमाइंड दीपक सुहालका को नामजद करते हुए अग्रिम कार्यवाही जारी है।

कोडियात क्षेत्र से 2 गिरफ्तार

आबकारी निरोधक दल द्वारा उदयपुर के कोड़ियात में भी अवैध प्रतिबंधित शराब पर कार्यवाही की गई। कोड़ियात क्षेत्र में अवैध मदिरा का परिवहन करते हुए एक वाहन जब्त करते हुए उसमें विभिन्न महंगे ब्रांड की विदेशी मदिरा की 79 बोतल बरामद की गई। इन सभी बोतलों पर नकली होलोग्राम स्टिकर व लेबल लगे थे। आबकारी निरोधक दल ने कार्यवाही के तहत 2 ऑटो जब्त किए एवं मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

आबकारी निरोधक दल की दोनों कार्यवाही में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की धरपकड़ जारी है। कार्यवाही के दौरान आबकारी निरीक्षक मुरलीधर सौदा, शकुन्तला जैन, अनिल कुमार, प्रभुलाल गार्ड सहित दल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उल्लेखनीय है कि आबकारी विभाग द्वारा प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण एवं विक्रय पर रोक के लिए नियमित अभियान जारी है जिससे राजस्व हानि को कम किया जा सके। उल्लेखनीय है कि बीते दिनों होटल मेरियट से बरामद प्रतिबंधित शराब के प्रकरण में हरियाणा राज्य से भारत निर्मित विदेशी मदिरा को अवैध तरीके से सस्ते दाम के पव्वे के होलोग्राम व लेबल लगाकर सप्लाई किया गया जो होटल में परोसी जा रही थी। इससे राज्य सरकार को राजस्व हानि हो रही थी साथ ही अवैध व प्रतिबंधित शराब का उपयोग किया जा रहा था।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!