Home » प्रदेश » डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फाउंडेशन ट्रस्ट की गवर्निंग कमेटी की हुई बैठक

डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फाउंडेशन ट्रस्ट की गवर्निंग कमेटी की हुई बैठक

उदयपुर/ डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फाउंडेशन ट्रस्ट की गवर्निंग कमेटी की बैठक शनिवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में हुई। इसमें राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर सांसद डॉ मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी सहित कई विधायकगण मौजूद रहे।

बैठक के प्रारंभ में सदस्य सचिव ने डिस्ट्रिक्ट माइनिंग फाउंडेशन ट्रस्ट के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इसमें बताया कि पूर्व में उदयपुर डीएफएफटी फण्ड में तकरीबन सवा दो सौ करोड़ रूपए वार्षिक आय थी। सलूम्बर जिले में पृथक से डीएमएफटी गठित होने के बाद अब तकरीबन 185 करोड़ रूपए रहेगी। सलूम्बर जिले की लाइब्लिटी स्थानांतरण प्रक्रियाधीन है। बैठक में अवगत कराया कि जिले में डीएमएफटी के लिए वर्ष 2016-17 से अब तक करीबन 811 करोड़ रूपए के कुल 1486 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से कई कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा कुछ प्रगतिरत हैं। सदन ने पूर्ववर्ती कार्यों का अनुमोदन किया।

शिक्षा और स्वास्थ्य पर रहेगा फ़ोकस 

जिला कलक्टर नमित मेहता ने बताया कि डीएमएफटी फण्ड से पूर्व में स्वीकृत कार्यों की लाइब्लिटी घटाकर नए प्रस्तावों की कार्ययोजना बनाई गई है। इनमें से राज्य सरकार के आदेशानुसार तकरीबन 150 करोड़ रूपए बजट घोषणाओं की क्रियान्विति पर खर्च होने हैं। इसके अलावा राज्य सरकार और जनप्रतिनिधियों की मंशानुसार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने से जुड़े कार्यों पर फोकस किया जा रहा है। जिला कलक्टर ने कहा कि डीएमएफटी के प्रावधानों के अनुसार शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल जैसी प्राथमिक आवश्यकता पर अधिक फोकस किया जाएगा। इसके लिए विधानसभावार जनहित से जुडे़ कामों के प्रस्ताव लिए जा रहे हैं।

जनाना अस्पताल के लिए 60 करोड़ का अनुमोदन
बैठक में महाराणा भूपाल चिकित्सालय में जनाना अस्पताल भवन निर्माण के लिए 60 करोड़ रूपए की राशि का अनुमोदन किया गया। उल्लेखनीय है कि जनाना अस्पताल के लिए नवीन भवन बनना है। इसके लिए 120 करोड़ रूपए का बजट खर्च होना है। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 60 करोड़ रूपए डीएमएफटी मद से तथा शेष 60 करोड़ रूपए यूडीए फण्ड से स्वीकृत किए जाने हैं। बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों ने जनाना अस्पताल भवन के लिए 60 करोड़ रूपए आवंटन के प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए इसे जनहित के लिए अतिआवश्यक बताया।

दो माह में 70 करोड़ से अधिक की राशि जारी

बैठक में अवगत कराया कि डीएमएफटी के माध्यम से पूर्व में स्वीकृत कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर नमित मेहता ने गंभीरता से प्रयास किए। इसी के परिणाम स्वरूप पिछले दो माह में 70 करोड़ रूपए से अधिक की राशि विभिन्न कार्यों के लिए जारी की गई। इससे प्रगतिरत कार्यों में तेजी आई है।
समय पर पूरे हों काम

बैठक में सांसद व विधायक गणों ने पूर्व में स्वीकृत कार्यों की प्रगति जानी। विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र में प्रगतिरत कार्यों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों से फीडबैक लिया। साथ ही व्यावहारिक तौर पर आने वाले समस्याओं की भी चर्चा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों को समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को उसका लाभ मिल सके। बैठक में उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, वल्लभनगर विधायक उदयलाल डांगी, गोगुंदा विधायक प्रताप गमेती, खेरवाड़ा विधायक दयाराम परमार, मावली विधायक पुष्कर डांगी, युडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश, जिला परिषद सीईओ रिया डाबी, कोषाधिकारी ग्रामीण महेंद्र सिंह, टीएडी उपायुक्त रागिनी डामोर, आरएनटी प्राचार्य डॉ विपिन माथुर, एसई पीडब्ल्यूडी राजीव अग्रवाल, सीडीईओ महेंद्र कुमार जैन सहित सभी विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!