Home » प्रदेश » तुलसीराम की तलाश में उतरा सर्वसमाज में आक्रोश, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

तुलसीराम की तलाश में उतरा सर्वसमाज में आक्रोश, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

उदयपुर। गोगुन्दा क्षेत्र के कड़ाऊ गांव निवासी तुलसीराम के लापता होने के मामले में अब सर्वसमाज के लोग भी परिवार के साथ खड़े हो गए हैं। मामले में निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई की मांग को लेकर सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर उदयपुर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से हस्तक्षेप करने की मांग की।

ज्ञापन में प्रार्थिया कमला बाई पत्नी तुलसीराम, जाति गमेती, निवासी कड़ाऊ (गोगुन्दा) ने बताया कि 15 फरवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे वेणी सिंह पिता कूप सिंह उनके घर आया और उनके पति तुलसीराम गमेती को किसी जरूरी काम का हवाला देकर अपने साथ ले गया। परिवार के अनुसार उस समय वेणी सिंह ने कहा कि थोड़ी देर में तुलसीराम को वापस घर छोड़ देगा, लेकिन इसके बाद तुलसीराम घर नहीं लौटे। परिवार ने बताया कि जब काफी समय बीत जाने के बाद भी तुलसीराम वापस नहीं आए तो उनकी तलाश शुरू की गई। इस दौरान वेणी सिंह से भी कई बार पूछताछ की गई, लेकिन वह हर बार अलग-अलग जवाब देता रहा। इससे परिवार को संदेह हुआ कि तुलसीराम के साथ कोई अनहोनी हो सकती है।

परिजनों ने बताया कि इस घटना की सूचना पुलिस थाना गोगुन्दा में दी गई, लेकिन अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पुलिस ने केवल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली, जबकि परिवार का मानना है कि मामले में गंभीर घटना होने की आशंका है और इसकी गहराई से जांच की जानी चाहिए। घटना को लेकर अब तक करीब 21 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन तुलसीराम का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस कारण परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते गंभीरता से जांच नहीं की गई तो सच्चाई सामने आना मुश्किल हो सकता है।

इसी को लेकर सर्वसमाज के लोगों ने एकजुट होकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा और मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर तुलसीराम की जल्द से जल्द तलाश करने तथा दोषी व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान बालू भील (गोगुन्दा), राजकुमार डामोर, शक्ति सिंह झाला, सुरेश खैर, मोहित चौधरी, योगेश पुष्करणा, अमित खराड़ी, दिनेश जोशी, रोशन जी सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। इसके साथ ही तुलसीराम की पत्नी, माता, बहन के पति सहित पूरा परिवार भी उपस्थित रहा, जिन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।

सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई और तुलसीराम का पता नहीं लगाया गया तो आगे बड़े स्तर पर आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द न्याय दिलाने की मांग की।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!