Home » प्रदेश » निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सर्वाेच्च प्राथमिकता, निर्वाचन दायित्वों का पूरी गंभीरता से करें निर्वहन – जिला निर्वाचन अधिकारी

निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सर्वाेच्च प्राथमिकता, निर्वाचन दायित्वों का पूरी गंभीरता से करें निर्वहन – जिला निर्वाचन अधिकारी

6 पंचायत समितियों के 458 बूथों पर मतदान बुधवार को

उदयपुर – पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ जुटे हुए हैं। बुधवार को होने वाले मतदान को लेकर मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर गौरव अग्रवाल के निर्देशन में मतदान दलों का अंतिम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। वहीं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुरक्षा कार्मिकों को भी निर्वाचन संबंधी दायित्वों का प्रशिक्षण दिया गया। नगर निगम के सुखाड़िया रंगमंच सभागार तथा फतह स्कूल परिसर में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के उपरांत मतदान दल आवंटित मतदान केंद्रों के लिए प्रस्थान किया। बुधवार को जिले की 6 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 14 और पंचायत समिति सदस्यों के 96 वार्डों के लिए 458 बूथों पर मतदान होगा।

मतदान कार्मिकों को संबोधित करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसमें प्रत्येक मतदान कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी कार्मिक राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए अपने दायित्वों का पूर्ण गंभीरता, सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं की पालना सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही मतदान कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी दीपेंद्रसिंह राठौड़, एडीएम सिटी जितेंद्र ओझा, प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी कीर्ति राठौड़, सह प्रभारी डॉ महामायाप्रसाद चौबीसा आदि ने भी मार्गदर्शन दिया।

उधर, फतह स्कूल परिसर में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में निर्वाचन ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित हुआ। इसमें मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सुरक्षा संबंधी दायित्वों के निर्वहन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पुलिस अधीक्षक ने निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूर्ण सतर्कता बरतने तथा सभी कार्मिकों को अपने निर्धारित दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने पर जोर दिया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

प्रशिक्षण के बाद मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए दल

द्वितीय चरण के तहत पंचायत समिति सायरा, कोटड़ा, गोगुन्दा एवं बड़गांव के दलों का प्रशिक्षण सुखाडिया रंगमंच सभागार में तथा सुलाव तथा देवला का पीएमश्री राजकीय फतह स्कूल परिसर में दो अलग-अलग पारियों में हुआ। प्रशिक्षण उपरान्त दलों को फतह स्कूल परिसर में बनाए गए काउंटर से मतदान सामग्री वितरित की गई तथा दलों ने वहीं से अपने-अपने आवंटित केंद्रों के लिए प्रस्थान किया।

जिला परिषद के 36, पंचायत समिति के 248 प्रत्याशियों का तय होगा भाग्य

द्वितीय चरण के तहत बुधवार, 28 अक्टूबर को उदयपुर जिले की छह पंचायत समितियों में मतदान होगा। इसमें पंचायत समिति सायरा, कोटड़ा, सुलाव, गोगुन्दा, बड़गांव तथा देवला शामिल हैं। इन पंचायत समिति क्षेत्रों में जिला परिषद सदस्य के 14 वार्डों में 36 तथा पंचायत समिति सदस्य के 96 वार्डों के लिए 248 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। द्वितीय चरण में कुल 458 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 89 हजार 323 मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में जिला परिषद के वार्ड संख्या 1 से 8, 10 एवं 11 तथा 44 से 47 के लिए मतदान होना है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Leave a Comment

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!