सायरा। क्षेत्र की कडेचो की भागल ग्राम पंचायत के रोयडा गांव में शुक्रवार देर शाम एक जंगली भालू ने खेत पर काम कर रहे युवक पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों और वन विभाग की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है।
क्षेत्रीय वन अधिकारी मनोज औदीच्च ने बताया कि रोयडा निवासी प्रेम सिंह पुत्र वगत सिंह राजपूत शुक्रवार शाम को अपने खेत पर गेहूं की फसल की सिंचाई कर रहा था। इसी दौरान पास के जंगल से आए एक खूंखार भालू ने उस पर हमला बोल दिया। भालू के हमले के बाद प्रेम सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के शोर मचाने और साहस दिखाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। भालू के हमले में प्रेम सिंह लहूलुहान हो गया और उसके चेहरे व शरीर पर भालू के नाखूनों की गहरी खरोंचें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही गुर्जरो का गुड़ा वन नाके के इंचार्ज भरत मेघवाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल प्रेम सिंह को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां वर्तमान में उसका उपचार जारी है। वहीं वन विभाग ने क्षेत्र के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है, विशेषकर शाम के समय खेतों या जंगली इलाकों के पास अकेले न जाने की हिदायत दी गई है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।