
गोगुंदा । ग्राम पंचायत परिसर में शुक्रवार को विकल्प संस्थान के तत्वावधान में पंख आर्थिक सशक्तिकरण केंद्र का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। इस शिविर में क्षेत्र की 120 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेकर अपने कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकीं महिलाओं को प्रमाण पत्र और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को ट्रॉफियां देकर सम्मानित किया गया।
पढ़ाई और सीखने की कोई उम्र नहीं होती- आईएएस सृष्टि दबाच
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं उपखंड प्रभारी आईएएस सृष्टि दबाच ने उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लड़कियां और महिलाएं किसी भी क्षेत्र में किसी से कम नहीं हैं। हमें निरंतर कुछ न कुछ नया सीखते रहना चाहिए। शिक्षा प्राप्त करने की कोई निश्चित उम्र नहीं होती, इसलिए अपनी पढ़ाई पूरी करें और स्वावलंबी बनकर आगे बढ़ें।
महिलाओं की मजबूती से समाज में आएगी हिम्मत – प्रेरणा नोसालिया
ब्लॉक मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रेरणा नोसालिया ने कहा कि महिलाओं का आत्मनिर्भर होना बेहद खुशी की बात है। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि जब एक महिला अपने पैरों पर खड़ी होती है, तो उसे देखकर अन्य महिलाओं में भी हिम्मत और हौसला जगता है। उन्होंने प्रशासन की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
हुनर और शिक्षा कोई नहीं छीन सकता- उषा चौधरी
विकल्प संस्थान की निदेशक उषा चौधरी ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि सिलाई और अन्य कौशल के माध्यम से स्वयं की दुकान खोलें ताकि परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि पढ़ाई और हुनर ऐसी पूंजी है जिसे कोई आपसे छीन नहीं सकता। आत्मनिर्भरता ही आपकी असली जीत है।
सम्मान और उपलब्धि
पुरस्कार वितरण प्रशिक्षण के दौरान प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को ट्रॉफी प्रदान की गई। कोर्स पूरा करने वाली सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट दिए गए। प्रगति रिपोर्ट मास्टर ट्रेनर सुगना झाला ने बताया कि अब तक आर्थिक सशक्तिकरण के 8 बैच सफलतापूर्वक पूरे हो चुके हैं और वर्तमान में 9वाँ बैच प्रगति पर है। उप सरपंच लालकृष्ण सोनी ने भी क्षेत्र की महिलाओं को हर कदम पर सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में ललिता लोहार, पिंकी खटीक, माया देवड़ा और अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का सफल संचालन सविता चंदन और भावना गमेती द्वारा किया गया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





