Home » प्रदेश » निसंतान बुजुर्ग की जमीन पर फर्जी पोता बनकर कब्जा, अब एसपी से न्याय की गुहार

निसंतान बुजुर्ग की जमीन पर फर्जी पोता बनकर कब्जा, अब एसपी से न्याय की गुहार

सायरा । तहसील के गारियावास गांव से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक 70 वर्षीय अनपढ़ और बेसहारा बुजुर्ग महिला, नानीबाई की पुश्तैनी जमीन को भू-माफियाओं ने साजिश रचकर हड़प लिया। न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खाने के बाद अब पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।

तीमारदारी का झांसा और फर्जी पोते का खेल

पीड़िता नानीबाई ने बताया कि वह निसंतान है। उसके पति भेराराम पिछले दो वर्षों से बीमार थे, जिनका 2024 में निधन हो गया। उसने आरोप लगाया कि पति की बीमारी और लाचारी का फायदा उठाकर उनके भतीजे नितेश पुत्र देवीलाल गायरी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एक फर्जी दान-पत्र तैयार करवा लिया। इस जालसाजी का खुलासा तब हुआ जब गांव में आयोजित राजस्व कैंप के दौरान पटवारी ने बताया कि उनके पति की सारी जमीन अब नितेश के नाम हो चुकी है।

झूठे तथ्यों के आधार पर रची गई साजिश

हैरानी की बात यह है कि दान-पत्र में सफेद झूठ बोलकर सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ की गई है। आरोपी नितेश ने खुद को उनका सगा पौत्र (पोता) बताकर सेवा-चाकरी के नाम पर जमीन अपने नाम करवा ली थी। मौरूसी जमीन को बताया स्व-अर्जित ससुर से विरासत में मिली पैतृक जमीन को आरोपियों ने दस्तावेजों में खुद की कमाई हुई संपत्ति दर्शाया है।

भू-माफिया और रसूखदारों का गठजोड़

पीड़िता का आरोप है कि इस पूरी साजिश के पीछे गांव का रसूखदार कालू सिंह राजपूत और पन्नालाल गमेती मास्टरमाइंड हैं। इन लोगों ने राजनीतिक और आर्थिक रसूख का इस्तेमाल कर अनपढ़ महिला को बेघर कर दिया है। अब ये आरोपी बाहुबल के दम पर जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं और विरोध करने पर बुजुर्ग महिला को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

प्रशासनिक उदासीनता से टूटी उम्मीद

नानीबाई ने बताया कि उन्होंने तहसील कार्यालय और सायरा थाने में कई बार गुहार लगाई, लेकिन रसूखदारों के दबाव के कारण अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। थका-हारकर अब बुजुर्ग महिला ने एसपी से न्याय की अंतिम उम्मीद जताई है।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!