
गोगुंदा। क्षेत्र की ग्राम पंचायत पड़ावली खुर्द में गुरुवार को श्रम सारथी संस्था के तत्वावधान में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता क्लिनिक का आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 80 ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न सरकारी व वित्तीय सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर प्रभारी प्रभुलाल कलासुआ ने बताया कि शिविर के दौरान आधार कार्ड से जुड़ी कई जमीनी समस्याएं सामने आईं। उन्होंने बताया कि जन्म प्रमाण पत्र के अभाव में कई ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। इसका मुख्य कारण घर पर प्रसव होना या अस्पतालों द्वारा समय पर प्रमाण पत्र जारी न करना है। इसके अलावा, बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र में माता-पिता का आधार नंबर दर्ज न होने की तकनीकी खामी भी एक बड़ी बाधा बनकर उभरी है, जिसके प्रति अधिकांश ग्रामीण अनभिज्ञ हैं। उन्होने बताया कि शिविर में बीमा सुरक्षा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की जानकारी साझा करने के बाद मौके पर ही 58 लोगों का बीमा किया गया। वहीं धोखाधड़ी से बचाव लगभग 40 लोगों को साइबर फ्रॉड, इंश्योरेंस फ्रॉड और एईपीएस फ्रॉड के बारे में जागरूक किया गया और बचाव के तरीके बताए गए। और शिविर में 16 ग्रामीणों के नए पैन कार्ड बनाए गए।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





