
गोगुंदा। क्षेत्र के चारा मंगरा (जोगियों का गुड़ा) वन क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक तेंदुए ने घास लेने गई एक महिला पर हमला कर दिया। हालांकि, महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और तेंदुए को भगा दिया। इस हमले में महिला के गले पर मामूली खरोंचें आईं, लेकिन कोई गंभीर चोट या हताहत नहीं हुआ। वन अधिकारी जयवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि जोगियों का गुड़ा निवासी प्यारी बाई पत्नी रोड़ाराम गमेती घास इकट्ठा करने जंगल गई थीं। अचानक झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान महिला ने जोर-जोर से चिल्लाई, जिससे ग्रामीणों को अलर्ट मिला और वे दौड़कर पहुंचे। ग्रामीणों की मौजूदगी में तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घायल महिला को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उपचार के बाद महिला को घर भेज दिया गया है। टीम में सहायक वनपाल नरेंद्र गोस्वामी, वनरक्षक सुरेंद्र सिंह और वाहन चालक भीम सिंह शामिल थे। वहीं वन विभाग ने क्षेत्र में तेंदुओं से बचने के लिए ग्रामीणों से जंगल में अकेले जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





