
उदयपुर। संभाग में भारतीय युवा कांग्रेस द्वारा “आदिवासी युवा संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह संवाद भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा एवं पूर्व चेयरमैन राजस्थान युवा बोर्ड सीताराम लाम्बा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी विकास चिकारा, सह प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला एवं कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष सुधींद्र मुंड उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने आदिवासी युवाओं और जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनके विचार, समस्याएँ और सुझाव सुने। इस अवसर पर लगभग 7 घंटे तक चली गहन चर्चा में आदिवासी समाज को कांग्रेस से पुनः मजबूती से जोड़ने, आदिवासी युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के अवसर देने, संगठन में स्थानीय नेतृत्व को मजबूत करने तथा वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक चुनौतियों पर विस्तार से मंथन किया गया। संवाद के दौरान “संविधान बचाओ” विषय पर भी विशेष रूप से चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि संविधान ही आदिवासी समाज के अधिकारों, आरक्षण, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की सबसे मजबूत ढाल है। इसे कमजोर करने वाली नीतियों व प्रयासों के खिलाफ संगठित और लोकतांत्रिक संघर्ष आवश्यक है। कार्यक्रम में नए लोगों तक संगठन की पहुँच बढ़ाने, आदिवासी पहचान व अधिकारों की रक्षा, पंचायत व वार्ड स्तर से नेतृत्व निर्माण, शिक्षा, रोजगार, वनाधिकार, भूमि एवं प्रशासनिक समस्याओं जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। इन सभी बिंदुओं को बोर्ड के माध्यम से दर्ज कर समाधान की दिशा में सुझाव लिए गए। कार्यक्रम में उदयपुर,बांसवाड़ा,प्रतापगढ़,डूंगरपुर,राजसमंद के विभिन्न आदिवासी अंचल व उदयपुर के गोगुंदा विधानसभा क्षेत्र के देवला, सायरा एवं बड़गांव से गरासिया व भील समाज के सरपंच, प्रधान, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड पंच एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया और खुलकर अपनी बात रखी। आयोजन युवा कांग्रेस उदयपुर देहात कार्यकारी जिलाध्यक्ष बालू भील के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह संवाद न केवल राजस्थान बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी संगठन में चर्चा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासी समाज के साथ संविधान, संवाद और सहभागिता के आधार पर आगे बढ़ रही है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





