
गोगुंदा। कस्बे के समीप राजकीय महाविद्यालय में एनएसएस इकाई के तत्वावधान में नई किरण नशामुक्ति केंद्र योजना के अंतर्गत शनिवार को नशामुक्ति विषय पर एक प्रेरक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वीणा शर्मा रहीं, जिन्होंने नशे के कारणों, उसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की तथा विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, अनुशासन तथा नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य है और नशामुक्त समाज से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है। वहीं कार्यक्रम में पूनम लोखानी एवं कृषि महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. दिनेश हंस की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम प्रभारी मनिषा चारण द्वारा किया गया।





