
गोगुंदा। पंचायत समिति में मंगलवार को घुमंतु समुदाय के व्यक्तियों को राज्य सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक दिवसीय सहायता शिविर का आयोजन हुआ।
उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने बताया कि शिविर में विमुक्त, घुमंतू एवं अर्ध-घुमंतू जातियों के व्यक्तियों को राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप ऑनलाइन घुमंतू पहचान प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे वे विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। शिविर के दौरान 16 घुमंतु समुदाय के व्यक्तियों को मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही आवासहीन व्यक्तियों के लिए आवंटित भूमि पर आवास निर्माण हेतु घुमंतू आवास योजना अंतर्गत आवेदन भी तैयार करवाए गए। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि शिविर में घुमंतु समुदाय के व्यक्तियों के वोटर आईडी, नवीन राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना सहित अन्य योजनाओं के ऑनलाइन आवेदन एवं सत्यापन कार्य भी मौके पर ही संपादित किए गए। शिविर में विकास अधिकारी महीप सिंह, तहसीलदार प्रवीण कुमार, प्रवर्तन निरीक्षक अरविंद कुमार, सांख्यिकी विभाग से कंचन पारगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें।





