
उदयपुर – पर्यटन नगरी में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन दिवस उल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। टूरिज्म एंड सस्टेनेबल ट्रांसफॉर्मेशन थीम के साथ विविध आयोजन हुए। इसमें पर्यटकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया।
राज्य होटल संस्थान और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार सुबह रेलवे स्टेशन पर विशेष आयोजन हुआ। उपनिदेशक पर्यटन शिखा सक्सेना के नेतृत्व में पर्यटन विभाग की टीम और संस्थान के विद्यार्थियों ने रॉयल ट्रेन पैलेस ऑन व्हील्स के यात्रियों का पारम्परिक अंदाज में स्वागत किया। इस दौरान पर्यटक भी कच्छी घोड़ी कलाकारों के साथ जमकर झुमें।
विद्यार्थियों ने सेवा पखवाड़ा के तहत फतहसागर, पीछोला झील और गणगौर घाट पर स्वच्छता अभियान चलाया तथा पर्यटकों को स्वच्छता व सतत पर्यटन का संदेश दिया। राज्य होटल संस्थान परिसर में टूरिज्म एंड सस्टेनेबल ट्रांसफॉर्मेशन विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में आदित्य कुमार और जयदीप खारोल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। भव्यदीप किंगरानी और महेंद्रपाल सिंह सारंगदेवोत द्वितीय स्थान पर रहे। मुख्य अतिथि पर्यटन उपनिदेशक शिखा सक्सेना रहीं। उन्होने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को पर्यटन व पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जागरूक बनाते हैं।
इसी प्रकार सहेलियों की बाड़ी में भी पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटकों का पारंपरिक रूप से स्वागत सत्कार किया गया। वहीं आहाड़ संग्रहालय में भी विश्व पर्यटन दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
किशोर गृह के बच्चों ने की उड़नखटोले की सवारी
पर्यटन दिवस के अवसर पर किशोर गृह के बच्चों को भी एजुकेशनल टूर कराया गया। इसके तहत बच्चों को उड़नखटोले की सवारी कराते हुए करणी माता मंदिर ले जाया गया। बच्चों ने वहां दर्शन-भ्रमण किया।
स्कूली बच्चों ने दिखाया हूनर
विश्व पर्यटन दिवस पर भारत पर्यटन जयपुर (पर्यटन मंत्रालय, भारत सरकार) के निर्देशन में महुआ मोंक्स रिसोर्ट परिसर में कार्यक्रम हुआ। इसमें राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडंगा के युवा पर्यटन क्लब सदस्य विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। बच्चों ने यहां विविध खेल गतिविधियों में भाग लिया। साथ ही विश्व पर्यटन दिवस थीम – पर्यटन एवं सतत परिवर्तन पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। बच्चों ने पर्यटन और पर्यावरण संतुलन को आधार में रखकर कृतियां बनाई। सभी प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





