
गोगुंदा – उपखंड क्षेत्र में शनिवार देर रात पहाड़ियों में हुई भारी बारिश से चारों ओर पानी ही पानी हो गया। वहीं सभी नदी-नाले उफान पर आ गए। इसी दौरान गोगुंदा-बरवाड़ा मार्ग पर स्थित बनास नदी की पानेर पुलिया पर बड़ा हादसा हो गया। पुलिया पार करते समय बाइक सहित दो युवक तेज बहाव में बह गए। जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में कूदकर दोनों युवकों को बड़ी मशक्कत से बाहर निकाला। हालांकि, उनकी बाइक तेज बहाव में बह गई। दोनों युवक मजदूरी कर अपने गांव लौट रहे थे। हादसे में बगडुंदा निवासी मांगीलाल गमेती और मोटावीडा निवासी प्रकाश गमेती बाल-बाल बच गए। सूचना पर सरपंच प्रतिनिधि शंकरलाल गमेती भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस पुलिया को ऊंचा करने की मांग कई बार प्रशासन से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के समय पुलिया पार करना जान जोखिम में डालने जैसा है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण पानी के तेज बहाव के बीच जान हथेली पर रखकर पुलिया पार करते नजर आ रहे हैं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





