
उदयपुर – जिला कलेक्टर नमित मेहता ने सोमवार को मावली और वल्लभनगर उपखंड का दौरा किया। कलेक्टर मेहता ने मावली पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसीदासजी की सराय में आयोजित शिविर में पहुँचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से शिविर में दी जा रही सेवाओं एवं अब तक की प्रगति की जानकारी ली।
इस अवसर पर जिला कलक्टर द्वारा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत ग्राम पंचायत मुख्यालय परिसर एवं स्थानीय राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। साथ ही पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभ पत्र भी वितरित किए गए। शिविर में उपखंड अधिकारी रमेश सीरवी पुनाडिया, तहसीलदार भंवरलाल, प्रधान नरेंद्र जैन, बीडीओ शैलेन्द्र खींची, समाजसेवी के.जी. पालीवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके पश्चात जिला कलक्टर ने वल्लभनगर पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत नवानियाँ में आयोजित अंत्योदय शिविर का भी अवलोकन किया। इस दौरान वल्लभनगर एसडीएम सुरेन्द्र बी. पाटीदार, तहसीलदार नरेंद्र चौहान और बीडीओ अनिल चौहान आदि उपस्थित रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





