गोगुंदा – क्षेत्र के उण्डीथल गांव में आज मेरा बावजी का पारंपरिक खेखरे का मेला धूमधाम से आयोजित हुआ। मेले में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, नाथद्वारा में श्रीनाथजी के साथ ही यहां भी मेले का आयोजन किया जाता है। मेले के दौरान अन्नकूट में मक्के की गुजरी का भोग लगाया जाता है तथा ऊंट की सवारी भी निकाली जाती है, जो मेले का विशेष आकर्षण रहती है।
मेले में बच्चों के लिए खिलौनों की दुकानें, खान-पान की दुकानें तथा विभिन्न प्रकार की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहीं। ग्रामीणों की मान्यता के अनुसार, इस मेले का आयोजन राजपूत और आदिवासी समुदाय के लोग आपसी मेलजोल और सहयोग से करते हैं। यह मेला दोनों समुदायों के बीच सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में राजपूत समाज के लोग इसी स्थान पर निवास करते थे, लेकिन एकांत क्षेत्र होने के कारण बाद में वे गांव में आकर बस गए। इसके बाद यहां की जमीन बावजी के नाम समर्पित कर दी गई। वर्तमान में मंदिर के नाम करीब 18 बीघा जमीन बताई जाती है।
यह पारंपरिक मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था, संस्कृति और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करता है।





