उदयपुर – कानोड़ थाना पुलिस ने वीरिया गांव के कुएं में मिले नाबालिग के शव के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। जानकारी के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और पुलिस उप अधीक्षक वल्लभनगर श्रवण दास संत के सुपरविजन तथा कानोड़ थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि 24 सितंबर को मृतक नाबालिग के परिजन ने थाने में रिपोर्ट दी थी कि उनका नाबालिग पुत्र रात को गांव में गणपति देखने गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। इस पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र और साइबर सेल की तकनीकी सहायता से मामले की कड़ियां जोड़ीं।
उन्होने बताया कि अनुसंधान में सामने आया कि गांव के ईश्वरलाल और उसके साले इन्द्रमल ने अपने साथियों के साथ मिलकर रात में बिजली के तार काटकर चोरी करने की योजना बनाई थी। इस दौरान वे नाबालिग को भी अपने साथ ले गए थे। और तार काटने के दौरान अचानक करंट आने से नाबालिग खंभे से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पुलिस कार्रवाई से बचने और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को कुएं में डाल दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि मामले में इन्द्रमल (18) पुत्र शंकरलाल निवासी बोर का पानी, थाना लसाड़िया, जिला सलूंबर को गिरफ्तार किया है। वहीं दो नाबालिगों को डिटेन किया गया है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और अनुसंधान में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक उपनिरीक्षक कानाराम, हेड कांस्टेबल पुष्करलाल, कांस्टेबल मोतीलाल, दशरथ, दीपक, महिला कांस्टेबल मीरा, चेतनप्रकाश, देवीसिंह तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल कुलदीप शामिल रहे।



