गोगुंदा – क्षेत्र के चौकीवाड़ा (मजाम) गांव में रविवार को बकरियां चराने गई बुजुर्ग महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। हमले में महिला के मुंह और कमर पर खरोंचें आईं। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ाते हुए बस्ती के समीप पिंजरा लगाया है।

क्षेत्रीय वनाधिकारी जयवर्धन सिंह राठौड़ ने घटना के बाद मोर्चा संभालते हुए वन विभाग की टीम को अलर्ट किया। टीम ने मौके का मुआयना करने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से रविवार रात ही बस्ती के समीप पिंजरा लगाया। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की गई।

वन विभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी जयवर्धन सिंह राठौड़ ने बताया कि बस्ती के आसपास जंगली जानवरों की मौजूदगी के दौरान लोगों के घरों से बाहर घूमने पर हमले का खतरा रहता है। विभाग की ओर से नाका प्रभारी धर्मेंद्र मीणा, सुरेंद्र सिंह, कल्पेश, रविंद्र सिंह, बलवंत कुमार, दिलीप कुमार और थावरचंद्र को मौके पर तैनात किया गया है। टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है।
300 मीटर दूर बकरियां चराते समय हमला

उल्लेखनीय है कि चौकीवाड़ा (मजाम) निवासी खेमणी बाई पत्नी कानाराम भील रविवार को अपने मकान से करीब 300 मीटर दूर बकरियां चराने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। महिला के चिल्लाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तेंदुए को वहां से भगाया। हमले में महिला के मुंह और कमर पर खरोंचें आईं। बाद में परिजन उन्हें उपचार के लिए गोगुंदा अस्पताल लेकर पहुंचे।



