
खेरवाड़ा – थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 60 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
थानाधिकारी मनमंध आढ़ा ने बताया कि गठित टीम ने 31 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। पुलिस ने ट्रक की तलाशी के दौरान राजस्थान निर्मित अंग्रेजी शराब के 107 कार्टून बरामद कर ट्रक सहित जब्त कर लिए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फतहनगर इंदिरा कॉलोनी निवासी नानालाल पुत्र देवीलाल और कमलेश पुत्र कन्हैयालाल को गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जब्त की गई शराब की बाजार कीमत करीब 15 लाख रुपये तथा ट्रक की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 60 लाख रुपये का माल जब्त किया है।
कार्रवाई में एएसआई राकेश मेहता, हेड कांस्टेबल दानवीर सिंह, राजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल मनिन्दर, मयंक, दिलीप सहित भरत नागदा शामिल रहे।



