Home » प्रदेश » उदयपुर की बेटी जेनेविव लोबो ने पिस्टल शूटिंग में बनाई खास पहचान

उदयपुर की बेटी जेनेविव लोबो ने पिस्टल शूटिंग में बनाई खास पहचान

उदयपुर – जिले की बेटी जेनेविव लोबो ने देहरादून में आयोजित स्वर्गीय जसपाल राणा मेमोरियल कप में नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) द्वारा आयोजित महिला व्यक्तिगत 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में 400 में से 366 अंक हासिल कर 15वां स्थान प्राप्त किया। यह प्री-नेशनल स्तर की प्रतियोगिता 13 से 30 जुलाई 2026 तक देहरादून में आयोजित की गई थी।

इस प्रतियोगिता में कुल 4,500 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में लगभग 450 प्रतिभागियों के बीच जेनेविव ने 15वीं रैंक हासिल की। प्रतियोगिता में केवल राज्य स्तरीय क्वालिफिकेशन पार करने वाले प्रतिभागी ही भाग ले सकते थे। इससे पहले 2025 में जेनेविव ने 400 में से 331 अंक लेकर राज्य स्तर पर क्वालीफाई किया था।
उदयपुर की रहने वाली जेनेविव वर्तमान में पुणे की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत है। वह उदयपुर के सेंट मैरीज स्कूल की पूर्व छात्रा हैं। उन्होंने सॉफ्टवेयर सिस्टम्स में एम.टेक तथा फॉरेंसिक साइकोलॉजी और क्रिमिनल प्रोफाइलिंग में स्नातकोत्तर प्रमाणपत्र प्राप्त किया है। इसके अलावा उनके पास कथक नृत्य और तबला में डिप्लोमा भी हैं। नौकरी और अपने जुनून के बीच संतुलन बनाते हुए जेनेविव ने पहली बार डेढ़ साल से भी कम समय पहले पिस्टल शूटिंग शुरू की थी। एक शुरुआती खिलाड़ी से एनआरएआई के बड़े मेमोरियल टूर्नामेंट में 15वें स्थान तक का उनका सफर उनकी एकाग्रता और समर्पण को दर्शाता है। उनकी तकनीकी नींव और शूटिंग की बुनियादी तैयारी उदयपुर की प्रिसीजन पीक शूटिंग अकादमी में कोच विजय नायक के मार्गदर्शन में मजबूत हुई, जबकि पुणे, महाराष्ट्र में उनकी निरंतर ट्रेनिंग और प्रगति को राइफल शूटिंग अकादमी की कोच स्नेहा ने दिशा दी।
जेनेविव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता ऐनी लोबो और वीरेन लोबो के साथ-साथ अपने कार्यस्थल को भी दिया। उनका कहना है कि क्लाइंट कंपनी एचएसबीसी में उनके प्रबंधकों और सहकर्मियों ने उन्हें पूरा सहयोग और प्रोत्साहन दिया, जिससे वह अपने खेल के सपनों को आगे बढ़ा सकीं। इस उपलब्धि के बाद अब वह आने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी में जुटी हैं।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!