
उदयपुर – आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने कहा कि राजस्व अर्जन में कमी स्वीकार्य नही है जुलाई माह के लिए निर्धारित राजस्व लक्ष्य को शत-प्रतिशत प्राप्त किया जाना है। राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए दैनिक लक्ष्य तय कर प्रयास करेंगे तो वांछित लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि जुलाई माह के राजस्व लक्ष्य में किसी भी प्रकार का शोर्टफॉल स्वीकार्य नही है इस संबंध में 31 जुलाई के बाद पुनः समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी आयुक्त विडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से कोटा एवं भरतपुर जोन के अधीनस्थ समस्त जिलों के अधिकारियों की विभागीय समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने अधिकारियों को राजस्व लक्ष्य पूर्ति के साथ, बकाया वसूली, अवैध मदिरा के विरूद्ध प्रभावी कार्रवाई, मदिरा उठाव एवं जब्त वाहनों की नीलामी के संबंध में निर्देश प्रदान किए। समीक्षा वीसी में कोटा जोन के बारां जिले के शाहबाद में राजस्व कमी की पूर्ति के लिए दैनिक कार्ययोजना के अनुरूप कार्य करने के लिए निर्देशित करते हुए निरोधात्मक कार्रवाई में वृद्धि की आवश्यकता बताई।
इसी प्रकार बूंदी जिले के नैनवां, बूंदी रोड़ एवं बूंदी नगर में राजस्व लक्ष्य, मदिरा उठाव एवं बकाया वसूली पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को कमजोर प्रगति रहने पर कार्रवाई के लिए सावचेत किया। झालावाड़ जिले के अकलेरा, चौमहला को राजस्व लक्ष्य, बकाया वसूली एवं ईपीएफ कार्रवाई में पिछड़ने पर संबंधित जिला आबकारी अधिकारी एवं आबकारी निरीक्षकों को पाबंद किया गया। कोटा जिले के रामगंजमंडी को लक्ष्य से पिछड़ने पर 31 जुलाई तक सक्रिय होकर वांछित प्रगति के लिए निर्देश दिए।
इसी क्रम में कोटा जोन द्वारा होमगार्ड की मांग पर 5 होमगार्ड संबंधी स्वीकृति प्रदान की गई।
आबकारी आयुक्त ने भरतपुर जोन की समीक्षा करते हुए राजस्व लक्ष्य में पिछड़ रहे भरतपुर जिले के बयाना, डीग, धौलपुर जिले में बाड़ी, करौली में हिण्डौन, सवाईमाधोपुर में गंगापुर की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए अधिक सक्रियता से कार्य के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा की धौलपुर एवं करौली के कार्य संतोषप्रद नही है इस संबंध में जिम्मेदारी तय की जाएगी। भरतपुर जोन को निरोधात्मक कार्यवाही की संख्या में वृद्धि करने एवं महत्वपूर्ण अभियोग दर्ज करने के निर्देश देते हुए बकाया वसूली के लिए सम्पत्ति अटैच कर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई करने को कहा। वीसी में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त को सर्कलवार एवं जिला आबकारी अधिकारियों को दुकानवार रिव्यू करते हुए कार्य योजना बनाते हुए दैनिक लक्ष्य के अनुरूप कार्य के लिए निर्देशित किया गया।
समीक्षा वीसी में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त कोटा एवं भरतपुर ने जिलेवार राजस्व, बकाया वसूली, मदिरा उठाव एवं निरोधात्मक कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट पीपीटी प्रजेन्टेशन द्वारा प्रस्तुत की। वीसी में जिला आबकारी अधिकारी मुख्यालय अजय जैन, कोटा एवं भरतपुर जोन के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, अधीनस्थ जिलों के उपायुक्त आबकारी निरोधक दल, जिला आबकारी अधिकारी, सहायक आबकारी अधिकारी सामान्य शाखा व निरोधक दल, आबकारी निरीक्षक एवं प्रहराधिकारी उपस्थित रहे।





