
जयपुर – प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है और बुधवार 23 जुलाई को राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम केंद्र जयपुर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग में व्यापक बारिश होगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और जोधपुर संभाग में भी कई स्थानों पर अच्छी वर्षा होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए भारी से अति भारी बारिश, मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण एवं दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में बारिश का सबसे अधिक प्रभाव देखने को मिलेगा। बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूम्बर, टोंक और उदयपुर जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, मेघगर्जन और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है।
वहीं अजमेर, ब्यावर, जयपुर, झालावाड़, कोटा, सवाई माधोपुर, सिरोही, डीडवाना-कुचामन, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने की आशंका भी व्यक्त की गई है।
इसके अलावा अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी राजस्थान में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज वर्षा भी हो सकती है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे रहने और उमस से राहत मिलने के आसार हैं। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू सहित कई इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मानसून की यह सक्रियता किसानों के लिए राहत भरी खबर मानी जा रही है। अच्छी बारिश से मक्का, सोयाबीन, उड़द, मूंग और धान जैसी खरीफ फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी। हालांकि जिन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां किसानों को खेतों में जलभराव से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी गई है।





