गोगुंदा – कस्बे के खटीक मोहल्ले में बुधवार को आपसी कहासुनी ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह राजपुरोहित ने बताया कि खटीक मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश और देवीलाल उर्फ राजाबाबू (55) के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और ओमप्रकाश ने धारदार हथियार से देवीलाल पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से देवीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मृतक के भाई डालचंद्र खटीक ने बताया कि वह घर के अंदर था। बाहर शोर-शराबा सुनकर निकला तो देखा कि ओमप्रकाश ने देवीलाल पर हमला कर दिया था। उन्होंने बताया कि दोनों अक्सर गली में साथ बैठते थे और शराब का सेवन करते थे, लेकिन कभी यह अंदाजा नहीं था कि मामूली विवाद इतना बड़ा रूप ले लेगा।





