
गोगुंदा – श्रम सारथी की सक्रिय पहल, लगातार पैरवी और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) गोगुंदा शाखा के सहयोग से प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) के तहत मजावड़ी निवासी स्वर्गीय लेहरी लाल की नॉमिनी पत्नी लाली बाई को 2 लाख रुपये का बीमा क्लेम प्राप्त हुआ।
शोभा जाट ने बताया कि लेहरी लाल के निधन के करीब आठ माह बाद भी परिजनों को बीमा राशि नहीं मिल सकी थी। ऐसे में श्रम सारथी टीम ने मामले की दोबारा समीक्षा करते हुए 7 जुलाई को आवश्यक दस्तावेजों के साथ क्लेम आवेदन पुनः एसबीआई शाखा में प्रस्तुत कराया। इसके बाद टीम ने लगातार बैंक अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा।
एसबीआई गोगुंदा शाखा के शाखा प्रबंधक सतवीर जैसल के सहयोग से क्लेम प्रक्रिया पूरी हुई और 17 जुलाई को 2 लाख रुपये की बीमा राशि लाली बाई के बैंक खाते में जमा कर दी गई।
श्रम सारथी टीम ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का समय पर लाभ दिलाना है, ताकि कठिन परिस्थितियों में उन्हें आर्थिक संबल मिल सके।





