
सायरा – क्षेत्र के पुनावली गांव में रविवार सुबह एक जंगली भालू के हमले में दो ग्रामीण घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया। दोनों घायलों को ग्रामीणों की मदद से निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार गांव के समीप स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के पास अचानक एक जंगली भालू दिखाई दिया। इसी दौरान भालू ने गांव निवासी चुन्नीलाल पालीवाल और आंबालाल पर हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।
एडवोकेट प्रहलाद पालीवाल ने बताया कि गांव में पहले भी भालुओं के झुंड विचरण करते देखे गए हैं, लेकिन इस तरह की हमला करने की घटना पहली बार सामने आई है। उन्होंने बताया कि भालू खेतों में बोई गई सब्जियों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित कार्रवाई की मांग की है।
इधर, क्षेत्रीय वनाधिकारी मनोज औदित्स ने बताया कि सूचना मिलने पर वन रक्षक विकास कुमार मीणा और पुष्कर शर्मा को मौके पर भेजा गया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। विभाग की टीम भालू की निगरानी कर रही है। फिलहाल भालू को पकड़ा नहीं जा सका है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





