
सायरा – क्षेत्र के तिरोल गांव में बुधवार को ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रांसफार्मर चोरी की एक बड़ी वारदात विफल हो गई। गांव के पास लगे बिजली के पोल से ट्रांसफार्मर उतारकर उसमें से तांबा निकाल रहे दो बदमाशों को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने दोनों की धुनाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार होने में सफल रहे।
ग्रामीण किशन सिंह राजपूत ने बताया कि बदमाश ट्रांसफार्मर को तोड़कर उसमें से तांबे के तार निकाल रहे थे। ट्रांसफार्मर तोड़ने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों को शक हुआ। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। सूचना पर पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और आरोपियों को हिरासत में लिया।
हेड कांस्टेबल रमेश कुमार मीणा ने बताया कि बांसलिया निवासी शंकर लाल एवं रावलियां निवासी गोपीलाल गमेती को गिरफ्तार कर चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों और संभावित गिरोह की तलाश में जुटी हुई है।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता रोहित सिंह गुहिल ने बताया कि ट्रांसफार्मरों में मौजूद तांबा और ऑयल की बाजार में अच्छी कीमत मिलने के कारण इस प्रकार की चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई गई है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





