
सायरा – गुरुवार को कस्बें में श्री बाबा रामदेव सेवा समिति के तत्वावधान में नवनिर्मित बाबा रामदेव मंदिर का दो दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। आयोजन में क्षेत्रभर से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।
महोत्सव के तहत बुधवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नवनिर्मित बाबा रामदेव मंदिर से प्रारंभ होकर ग्राम पंचायत पहुंची, जहां गंगाजल से कलश भरे गए। इस दौरान मेघवाल समाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। आयोजन में 1300 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया।
आयोजन समिति के कार्यकर्ता देवी लाल मेघवाल ने बताया कि मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा गुरुवार को विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुई। उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे गांव में धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया।
महोत्सव के अंतर्गत रात्रि में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। इसमें प्रसिद्ध गायक लक्ष्मण तंवर, कमल मारूवास एवं गायिका किंजल मेघवाल ने बाबा रामदेव जी के मधुर भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजन संध्या के दौरान भामाशाहों और अतिथियों का मेवाड़ी साफा पहनाकर स्वागत-सत्कार किया गया। वहीं श्रद्धालु भजनों पर जमकर झूमते नजर आए।
इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने ऑनलाइन संबोधन में कहा कि बाबा रामदेव मंदिर की प्रतिष्ठा सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। साथ ही उन्होंने नीट पेपर लीक मामले को लेकर चल रहे आंदोलन के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो पाने पर खेद व्यक्त किया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





