
गोगुंदा – क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। नान्देशमा मार्ग पर एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर करीब 10 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिया की दीवार तोड़ खाई में समाई कार
कांस्टेबल कुलदीप सिंह ने बताया कि नान्देशमा निवासी भगवान लाल और मिठा लाल जैन अपनी ब्रेजा कार से जसवंतगढ़ की ओर जा रहे थे। सफर के दौरान सुथार मादड़ा गांव के समीप अचानक चालक का वाहन पर से संतुलन बिगड़ गया। कार तेज रफ्तार में पुलिया से नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
ग्रामीणों ने बचाई जान
हादसे के वक्त पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण धमाके की आवाज सुनकर तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार के मलबे में फंसे दोनों घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





