
गोगुंदा – थाना क्षेत्र में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में 9 वर्षीय मासूम की जान चली गई। छाली ग्राम पंचायत के उमरिया घोडवा गांव में एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
छाली ग्राम पंचायत के प्रशासक गणेश लाल खैर ने बताया कि उमरिया घोडवा निवासी नेजाराम (9) पुत्र खेमाराम रविवार को अपने घर के समीप खेल रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उन्होने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





