
उदयपुर – जिले के गोगुंदा क्षेत्र के खाखड़ी गांव में रविवार को राजस्थान भील समाज विकास समिति के तत्वावधान में भव्य प्रतिभा सम्मान और शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के प्रबुद्धजनों ने सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाने और शिक्षा के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का सामूहिक संकल्प लिया।
सामाजिक कुरीतियों पर कड़ा प्रहार
आयोजित कार्यक्रम में समाज में व्याप्त विसंगतियों पर चिंता व्यक्त की गई। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए शराबबंदी, पेरावणी प्रथा और बाल विवाह जैसी कुरीतियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। वक्ताओं ने कहा कि प्रगति के मार्ग में ये प्रथाएं सबसे बड़ी बाधा हैं, जिन्हें त्यागना समय की मांग है।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
संयोजक शिवलाल भील ने बताया कि समारोह के दौरान समाज की उभरती प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही बीएसटीसी, बीए-बीएड, एएनएम कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और हाल ही में सरकारी सेवा में चयनित हुए युवाओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर नवाजा गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि गोगुंदा विधायक प्रताप लाल भील, पूर्व उप प्रधान पप्पू राणा भील, विशिष्ट अतिथि प्रदेश संरक्षक मोहनलाल, अध्यक्ष खेमराज भील, प्रदेश सचिव बालुराम , प्रदेश मीडिया प्रभारी गुलाबचंद भील, प्रदेश सभापति गंगाराम, प्रदेश महासचिव देवीलाल, देवगढ़ तहसील अध्यक्ष योगेश कुमार, सचिव रतनलाल, हित रक्षा के संस्थापक हिम्मत तावेड, लालूराम, मजावडी ग्राम पंचायत के प्रशासक पुष्पेद्र कुमार, प्रकाश भील सहित समाज के सैकडों महिला पुरूष मौजूद रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





