Home » प्रदेश » विप्र फाउंडेशन की पहलः “स्ट्रीम चयन पर बड़ा सेमिनार, विद्यार्थियों को मिला रोडमैप

विप्र फाउंडेशन की पहलः “स्ट्रीम चयन पर बड़ा सेमिनार, विद्यार्थियों को मिला रोडमैप

उदयपुर  – बोर्ड कक्षा 10वीं-12वीं के बाद विषय चयन की दुविधा में उलझे विद्यार्थियों को स्पष्ट दिशा देने के उद्देश्य से विप्र फाउंडेशन के शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ, उदयपुर द्वारा निम्बार्क बीएड कॉलेज, सूरजपोल उदयपुर में  प्रभावशाली करियर मार्गदर्शन सेमिनार आयोजित किया गया। जिसमें ग्रामीण क्षेत्र सहित जिले व जिले के बाहर से आए कुल सौ विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विप्र फाउंडेशन के इस प्रकार के शिविर से मार्गदर्शन प्राप्त कर ग्रामीण क्षेत्र के अनेक युवा पूर्व  में भी अपना सही केरियर निर्माण कर चुके हैं। कार्यक्रम ने “कन्फ्यूजन से क्लैरिटी” का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को उनके भविष्य का ठोस रोडमैप प्रदान किया।
मुख्य वक्ता एवं करियर काउंसलर डॉ. एच.आर. दवे (विप्र फाउंडेशन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति सदस्य) ने दो टूक शब्दों में कहा कि “विषय नहीं, अपना भविष्य चुन रहे हो”। उन्होंने स्पष्ट किया कि सही स्ट्रीम का चयन अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता, शैक्षणिक प्रदर्शन और बदलते परिवेश में रोजगार के अवसरों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उनके संबोधन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की सोच को नई दिशा दी। शिक्षा, रोजगार एवं प्रतियोगी परीक्षा प्रकोष्ठ के प्रदेश मीडिया प्रभारी गोपाल मेहता मेनारिया ने बताया कि इस अवसर पर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी लोकेश भारती ने नई शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में विषय चयन, कौशल आधारित शिक्षा, मल्टीपल करियर विकल्पों और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की उपयोगिता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों को समयानुकूल निर्णय लेने की प्रेरणा दी।
सेमिनार में विशेषज्ञों ने आर्ट्स, कॉमर्स,विज्ञान से जुड़े आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कंप्यूटर, विभिन्न कोर्सेज – डिजिटल मार्केटिंग, मेडिकल, पैरामेडिकल, पॉलिटेक्निक, विधि, जर्नलिज्म, डिजाइनिंग, चार्टर्ड अकाउंटेंसी, कृषि, ज्योतिष, साहित्य, वास्तुशास्त्र एवं संस्कृत जैसे विविध क्षेत्रों में करियर संभावनाओं पर सटीक मार्गदर्शन दिया। इससे विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुरूप स्ट्रीम चयन करने की स्पष्ट समझ मिली।
इस अवसर पर डॉ.तरुण व्यास, डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. भगवती शंकर व्यास, दिनेश शुक्ला, आर. के. सिंघवी, सोनल सिंघवी, राजेश पालीवाल, जय प्रकाश श्रीमाली, दीपिका मेनारिया, गौरव व्यास, किरण शर्मा, लोकेश पालीवाल एवं डॉ. मनीष तिवारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव गणेश नागदा ने किया। उन्होंने संस्था की गतिविधियों एवं मॉक इंटरव्यू के माध्यम से प्राप्त सफलताओं की जानकारी दी। अंत में प्रकोष्ठ रोजगार प्रभारी प्रणय जानी ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!