
गोगुंदा – प्रदेश के करोड़ों श्रमिकों के हितों और उनकी सामाजिक सुरक्षा को लेकर अरावली निर्माण मजदूर सुरक्षा संघ ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को संघ के पदाधिकारियों ने उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपकर राज्य में जल्द से जल्द एक पूर्णकालिक श्रम मंत्री नियुक्त करने की मांग की।
संघ के संरक्षक तख्तसिंह भारोड़ी ने बताया कि सरकार का ध्यान श्रमिकों की दयनीय स्थिति की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था में खदान, निर्माण, होटल, परिवहन और कृषि जैसे असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत करीब 2.5 करोड़ से अधिक श्रमिकों का सीधा योगदान है। भारोड़ी ने अफसोस जताते हुए कहा, विडंबना यह है कि इतनी बड़ी संख्या में होने के बावजूद श्रमिक आज भी न्यूनतम मजदूरी, कार्यस्थल पर सुरक्षा और बुनियादी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभ से वंचित हैं।
संघ ने तर्क दिया कि वर्तमान में श्रम विभाग का प्रभार स्वयं मुख्यमंत्री के पास है। कार्यभार की अधिकता के कारण श्रमिकों के गंभीर मुद्दों पर सरकार का अपेक्षित ध्यान नहीं जा पा रहा है। पूर्णकालिक मंत्री न होने से प्रशासनिक निर्णय अटके हुए हैं, जिससे प्रदेश के मजदूरों में निराशा और असंतोष गहराता जा रहा है। उनकी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होना राज्य के श्रम ढांचे के लिए चिंता का विषय है।
मजदूर संघ ने मांग की है कि श्रमिकों के अधिकारों और सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए सरकार प्राथमिकता के आधार पर श्रम मंत्री की नियुक्ति करे। संघ के पदाधिकारियों ने एक सार्थक सुझाव देते हुए कहा कि यदि 1 मई विश्व मजदूर दिवस के अवसर पर पूर्णकालिक श्रम मंत्री की घोषणा की जाती है, तो यह प्रदेश के करोड़ों कामगारों के लिए एक सकारात्मक और भरोसेमंद संदेश होगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समर्पित मंत्रालय सक्रिय नहीं होगा, तब तक श्रमिकों की स्थिति में सुधार संभव नहीं है। इस दौरान बड़ी संख्या में संघ के सदस्य और स्थानीय श्रमिक उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
इस दौरान संघ से प्रभुलाल, पन्नालाल, वगता राम, वालू राम सहित कई लोग मौजूद रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





