
गोगुंदा (उदयपुर) – जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे 27 पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते रह गया। प्रधानमंत्री की रैली में शामिल होने जा रही एक स्लीपर बस में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि हादसे के समय बस में सवारियां नहीं थीं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार उदयपुर से पिंडवाड़ा की ओर जा रही एक स्लीपर बस जैसे ही बेकरिया थाने के समीप टाकरी घाटी पर पहुंची, इंजन में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग की लपटें निकलने लगीं। बस में धुआं और आग बढ़ती देख चालक डालचंद्र ने सूझबूझ दिखाई और चलती बस से कूदकर अपनी जान बचाई। चालक के कूदते ही बस पूरी तरह आग के गोले में तब्दील हो गई और हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि बस बेकरिया क्षेत्र से सवारियों को लेने जा रही थी।
हादसे की सूचना मिलते ही बेकरिया थानाधिकारी उत्तम सिंह मय जाब्ते और हाईवे पेट्रोलियम के भगवत सिंह झाला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस लोहे के ढांचे में तब्दील हो चुकी थी। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से हाईवे पर यातायात रुकवा दिया था ।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





