
गोगुंदा – क्षेत्र में रविवार को एक सड़क हादसे में एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र सहित एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नाल-मौखी मार्ग पर भाट गांव के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, एक कार पड़ावली की ओर से तेज गति में गोगुंदा की तरफ आ रही थी। भाट के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते कार पहले सड़क किनारे एक विद्युत पोल से जा टकराई। इसी दौरान सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल कार की सीधी चपेट में आ गई। टक्कर में बाइक सवार सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
इस हादसे में बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिनकी पहचान नाल गांव निवासी शांतिलाल पुत्र खेता राम, अंबावा पुत्र दीपा राम और उनके पुत्र कमला पुत्र अंबावा के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को तत्काल गोगुंदा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





